फरीदाबाद। किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में मॉडर्न स्कूल सेक्टर-17 की खिलाड़ी सौम्या भारद्वाज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। अंडर-14 आयु वर्ग में खेलते हुए सौम्या ने अपने खेल कौशल और आत्मविश्वास से प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर दी।
विज्ञापन
हालांकि, फाइनल मुकाबले में वह महज दो अंकों के अंतर से जीत हासिल करने से चूक गईं और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता के दोनों शुरुआती मुकाबले पलवल के सेक्टर-2 स्थित एसपीएस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित हुए। पहले मुकाबले में सौम्या ने एसपीएस इंटरनेशनल स्कूल की खिलाड़ी को 8-2 के अंतर से हराया। इसके बाद दूसरे मुकाबले में भी उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए 7-0 से जीत दर्ज की। लगातार दो जीत के बाद उन्होंने फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में सौम्या ने पूरा दमखम लगाया लेकिन अंतिम परिणाम में वह दो अंकों से पीछे रह गईं। इस तरह उन्हें रजत पदक मिला। संवाद