बल्लभगढ़। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से हरियाणा दिल्ली आगरा टोल रोड प्राइवेट लिमिटेड की ओर से गदपुरी स्थित टोल प्लाजा पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान परिसर में सैकड़ों पौधे लगाए गए और सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव हर्ष गोयल ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पेड़ पृथ्वी के आभूषण हैं। यही हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं और धरती पर जीवन को सुरक्षित बनाए रखते हैं। यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण देना है तो प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसका लालन-पालन अवश्य करना चाहिए। संवाद