संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर डॉ. ओपी भल्ला फाउंडेशन ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया। फाउंडेशन की ओर से सेक्टर-21सी पार्ट-3 और सूरजकुंड-अनखीर रोड से सेक्टर-46 की ओर जाने वाले मार्ग पर कूड़े से अटे पड़े 15 स्थानों की सफाई कराई गई। दो दिन चले अभियान में अर्थमूवर और डंपर की मदद से 40 से अधिक डंपर कूड़ा हटाकर नगर निगम के सेक्टर-21 स्थित कूड़ा संग्रहण केंद्र पहुंचाया गया।
इसके बाद मंगलवार को इन स्थानों पर विशेष पौधरोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में मेयर प्रवीन बत्रा जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और पौधरोपण किया। इस दौरान फाउंडेशन के वाइस चेयरमैन डॉ. एनसी वधवा, ट्रस्टी सरकार तलवाड़, नीलकंठ सोसायटी के प्रधान राजकुमार बत्रा और आरडब्ल्यूए प्रधान जगबीर सिंह तेवतिया समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।