फरीदाबाद। सफाई एवं सीवर कर्मचारियों की 14 दिन से जारी हड़ताल के बीच बुधवार को नगर निगम कर्मचारियों ने मुख्यालय से एनआईटी-5 मुख्य बाजार तक झाड़ू प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने लोगों से अपील की है कि शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के लिए कर्मचारी नहीं, बल्कि सरकार जिम्मेदार है। कर्मचारियों ने सरकार से 13 मई को हुए समझौते को लागू कर हड़ताल समाप्त कराने की मांग की। प्रदर्शन की अध्यक्षता सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर बालगुहेर ने की, जबकि संचालन ऑडिटर लक्ष्मण परचा ने किया। नगरपालिका कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि प्रदेश के नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी छह अगस्त से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि 13 मई को शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर्मचारियों की 17 मांगों पर सहमति बनी थी। सरकार ने 30 जून तक मांगों से संबंधित आवश्यक पत्र जारी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन समय सीमा बीतने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।
शास्त्री ने कहा कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में कच्चे कर्मचारियों को नियमित करना, ठेका प्रथा समाप्त करना, सफाई एवं सीवर कर्मचारियों के रिक्त पदों पर नियमित भर्ती और समान काम का समान वेतन देना शामिल है। इसके अलावा रणवीर और भावी चंद्र शर्मा के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये आर्थिक सहायता और पक्की नौकरी देने की मांग भी समझौते में शामिल थी। प्रदर्शन में सुनील चिंडालिया, दलीप बोहोत, अनूप चंडालिया, अजय शास्त्री, अनिल चिंडालिया, सुदेश जैनवाल, रघुबीर चौटाला और राकेश चिंडालिया सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।