-कार सवारों के साथ रहे थे चार डंपर, बैरिकेड तोड़कर पुलिस को कुचलने का प्रयास
गांव वालों की मदद से हुए फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। रेत चोरी माफिया ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। वहीं, माफिया ने पुलिस की गाड़ी पर पथराव कर दिया। गांव वालों की मदद से रेत चोरी माफिया फरार हो गया। कार सवारों की मदद से चार डंपर यमुना से रेत चोरी करके ले जा रहे थे। थाना तिगांव पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 मार्च की सुबह साढ़े 6 बजे एसआई विजयपाल को मुखबिर खास ने सूचना दी कि संदीप, कन्नू, अक्षय और उधम अपनी-अपनी हाईवा गाड़ी में यमुना नदी की तरफ से खेड़ी गांव होते हुए यमुना रेती चोरी करके सेक्टर-85 की तरफ आ रहे हैं। इस पर वह सिपाही सुरेंद्र , ईएससी चांदराम के साथ सेक्टर-85 चौक पहुंचे। इस दौरान पाया कि चार हाईवा डंपर रेत लेकर आ रहे हैं और पुलिस की सरकारी गाड़ी देखकर चौक से ही यमुना से रेत भरे हाईवा को वापस मोड़ दिया।
वाहनों के काफिला के साथ चल रहे थे डंपर
इस दौरान सरकारी गाड़ी के आगे बिना नंबर की बोलेरो, वैगनआर कार, स्विफ्ट कार और एक एक्सेंट कार दिखाई दी। कार सवारों ने अपनी गाड़ियां उनकी टीम के वाहन के सामने लगा दीं और रेत चोरी के हाईवा को भगाने में मदद की। गाड़ियां खेड़ी गांव से होते हुए गांव नचोली की तरफ कच्चे रास्ते से भागने लगीं। इसकी सूचना थाना भूपानी को दी सूचना दी गई। नचोली रोड पर नाकाबंदी करने के बारे में सूचित किया।
नाके पर खड़े पुलिस कर्मचारियों को रौंदने की कोशिश
पुलिस ने कावरा मोड़ पर नाकाबंदी कर दी है। इस दौरान हाईवा चालक चलती गाड़ियों से यमुना रेती को खाली करने लगे। दो खाली करके गांव नचौली में घुस गए और दो कावरा मोड़ की तरफ जा रहे थे। दोनों कावरा चौक पर पहुंचे, तो इन गाड़ियों ने बैरिकेड को तोड़ कर नाके पर उपस्थित ईएसआई भगत सिंह, चालक सिपाही अमरदीप और एसपीओ गुड्डू पर इसे चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश की। सभी कर्मचारियों ने भाग कर अपनी जान बचाई। चालक तेज गति से अपनी गाड़ियों को भगाते रहे।
लोगों ने भी की मदद
कबूलपुर गांव में ज्ञान स्कूल के पास पहुंचे तो गाड़ी हाईवा चालकों की मदद के लिए अन्य लोग आ गए। अन्य गाड़ियों में दर्जन भर लड़के और गांव के दर्जन भर व्यक्ति लाठी डंडों से लेस होकर चौक पर आ गए। सभी ने सरकारी गाड़ी को घेर लिया और पत्थरबाजी करना शुरू कर दिया। मौके का फायदा उठाकर चालक डंपर सहित भाग गए। गाड़ी सरकारी का पीछे का ग्लास टूट गया और बाएं तरफ की खिड़की को भी नुकसान पहुंचा है। सभी रेती चोरी माफिया ने कहा कि अगर रेती चोरी करने से रोका तो अंजाम बुरा होगा।