संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री की प्रस्तावित सनातन एकता पदयात्रा के मद्देनजर जिला पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक और सुरक्षा प्रबंधन की तैयारी की है। डीएसपी ट्रैफिक मनोज वर्मा ने बताया कि पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात और आपात सेवाओं की सुगमता के लिए विस्तृत योजना बनाई है। डीएसपी ट्रैफिक ने बताया कि यह पदयात्रा 10 नवंबर की सुबह फरीदाबाद सीकरी से शुरू होकर जिले में प्रवेश करेगी। यात्रा गदपुरी टोल, पृथला (लूथरा फार्म हाउस – भोजन स्थल), बघोला, आल्हापुर, अगवानपुर, हुडा सेक्टर-2 मोड़, अलावलपुर चौक, बस स्टैंड, किठवाड़ी चौक, रसूलपुर चौक और आगरा चौक से होते हुए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पहुंचेगी। इसी विद्यालय में श्रद्धालु रात्रि विश्राम करेंगे।
ट्रैफिक रूट डायवर्जन (10 नवंबर के लिए)-
सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक पलवल की ओर आने वाले भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।
नूंह, गुरुग्राम, होडल, मथुरा, आगरा और जयपुर की ओर जाने वाले वाहन मुंबई एक्सप्रेसवे या केएमपी/केजीपी का प्रयोग करें।
दिल्ली-फरीदाबाद से आने वाले छोटे वाहनों को सुबह 7 बजे से बघोला तक एनएच-44 पर सिंगल रोड की सुविधा दी जाएगी। बघोला से आगे जीटी रोड की दोनों लेन की सुविधा दी जाएगी।
यात्रा के शहर में प्रवेश करने के दौरान (आलावलपुर और रसूलपुर क्षेत्र में) संबंधित मार्ग अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। वाहन चालक वैकल्पिक रूट ले सकते है।
यात्रा जब अलावलपुर चौक से स्टेडियम की तरफ जाएगी तब तक के लिए आगरा चौक जाने वाले वाहनों पर रोका रहेगा।