केजीपी के मोहना अंडरपास में भरा पानी, लोगों को आवागमन में हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। शहर में मंगलवार सुबह हुई बारिश ने एक बार फिर केजीपी (कुंडली-गाजियाबाद-पलवल) के मोहना अंडरपास का सफर थाम दिया। हीरापुर से मोहना की ओर जाने वाली पीडब्ल्यूडी रोड पर बने अंडरपास में जलभराव के कारण स्थानीय लोगों की आवाजाही बाधित हो गई है। इससे मार्ग से गुजरने वाले सैकड़ों वाहनों को भी मुसीबत का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने कहा कि हर साल यही हाल होता है लेकिन प्रशासन को यह क्यों नहीं दिखाई देता ये अपने आप में बड़ा सवाल है।
उन्होंने बताया कि यह अंडरपास हरियाणा के दर्जनों गांवों को उत्तर प्रदेश के गांवों से जोड़ता है। तब जाकर अंडरपास में जलभराव की समस्या को लेकर समाधान नहीं किया गया है। अंडरपास में जलनिकासी की कोई उचित व्यवस्था न होने के कारण हर बार यह समस्या उत्पन्न होती है। यह समस्या दोपहिया वाहन चालकों की जान पर बन जाती है। कई मोटरसाइकिलें पानी में खराब होकर बंद हो गईं, जिससे लोगों को वाहन धकेलकर बाहर निकालना पड़ा। कई बार बाइक सवार गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन इस अंडरपास की जल्द सफाई करवाए और यहां स्थायी जल निकासी की व्यवस्था करे ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।
अंडरपास में पानी भरने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। वहीं, कुछ वाहन चालकों ने जोखिम उठाकर निकलने की कोशिश की लेकिन फंसे हुए पानी में उनकी गाड़ियां बंद हो गईं। -राहुल, राहगीर
हर बार बारिश होते ही यह अंडरपास तालाब बन जाता है। प्रशासन को कई बार कहा गया है कि यहां पंप या ड्रेनेज सिस्टम लगाया जाए लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। -ताराचंद, पूर्व सरपंच, गांव हीरापुर
यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों का मुख्य आवागमन मार्ग है। ऐसे में जलभराव की समस्या पूरे क्षेत्र की गतिविधियों को प्रभावित करती है। -ओमवीर, सरपंच प्रतिनिधि, मोहना