लघु सचिवालय के बाहर कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने दो दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के पहले दिन सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के बाहर कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद बड़ी संख्या में कर्मचारी प्रदर्शन में शामिल हुए।
हड़ताली सभा की अध्यक्षता जिला वरिष्ठ उपप्रधान महेंद्र मानढोतिया ने की, जबकि संचालन जिला सचिव राजू ने किया। सभा को संबोधित करते हुए सीटू के जिला सचिव वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारी लंबे समय से नियमितीकरण और वेतन वृद्धि की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि जब सफाई का कार्य नियमित है तो कर्मचारियों को भी स्थायी किया जाना चाहिए।
यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने मुख्यमंत्री द्वारा घोषित 26 हजार और 27 हजार रुपये वेतन लागू नहीं किया है। साथ ही 31 दिसंबर 2025 के पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों को भी अब तक लागू नहीं किया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में करीब 9700 पद खाली पड़े हैं, लेकिन भर्ती नहीं की जा रही।
कर्मचारियों ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, 400 की आबादी पर एक कर्मचारी की भर्ती, एक्सग्रेशिया नीति लागू करने, मृतक कर्मचारी के परिवार को नौकरी और दुर्घटना में मौत पर 50 लाख रुपये मुआवजा देने समेत कई मांगें उठाईं। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।