फोन हैक कर और यूपीआई के जरिए की धोखाधड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। साइबर अपराधियों ने दो अलग-अलग मामलों में लोगों को निशाना बनाते हुए 3 लाख 83 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। एक मामले में साइबर ठगों ने मोबाइल नेटवर्क अपग्रेड करने का झांसा देकर 70 वर्षीय बुजुर्ग का फोन हैक कर लिया और उनके बैंक खाते से 99 हजार 999 रुपये निकाल लिए।
वहीं दूसरे मामले में साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से 143 बार में यूपीआई के माध्यम से 2.84 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। दोनों मामलों में साइबर क्राइम थानों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सेक्टर-15 एस्कॉर्ट नगर निवासी 70 वर्षीय दीना नाथ पुनिआनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह फोटोग्राफी का काम करते हैं। 5 जुलाई 2026 को उनके मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को मोबाइल नेटवर्क कंपनी का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनका नंबर 5जी नेटवर्क में अपग्रेड किया जाना है। आरोपी ने फोन पर ही कुछ सेटिंग करने के लिए कहा। जैसे ही उन्होंने आरोपी के बताए अनुसार मोबाइल में सेटिंग की, कुछ समय बाद फोन की स्क्रीन ब्लैक हो गई और फोन बार-बार बंद होकर चालू होने लगा।
पीड़ित ने घबराकर अपने सभी बैंक खाते फ्रीज करवा दिए और एयरटेल स्टोर से नया सिम भी लिया। इसके बाद 22 जुलाई को उन्होंने अपना एक्सिस बैंक खाता दोबारा शुरू करवाया। 24 जुलाई को अज्ञात साइबर ठगों ने उनके खाते से सात बार में कुल 99 हजार 999 रुपये निकाल लिए। वहीं दूसरी ओर गांव मिर्जापुर निवासी सुंदर शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके पंजाब नेशनल बैंक खाते से 8 अक्तूबर 2025 से 11 अप्रैल 2026 के बीच कुल 2 लाख 84 हजार रुपये 143 बार अलग-अलग यूपीआई खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। पीड़ित के अनुसार इस दौरान उनके मोबाइल नंबर पर किसी भी लेनदेन का मैसेज नहीं आया, जबकि पहले हर ट्रांजेक्शन का एसएमएस प्राप्त होता था।