कंपनी का परचेज ऑर्डर दिखाकर जीता भरोसा, प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। आर्मी कैंटीन के लिए सामान सप्लाई करने का झांसा देकर जालसाजों ने एक कारोबारी से 2.53 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत की जांच के बाद साइबर अपराध थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने बुधवार को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-70 आईएमटी स्थित प्रोपेक्स सिटी निवासी अमित कुमार रावत ने शिकायत में बताया कि 22 जून को उसके पास एक व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को सीआईएसएफ से जुड़ी आर्मी कैंटीन के खरीद विभाग का कर्मचारी बताया और टैबलेट चार्जिंग कैबिनेट खरीदने की बात कही। इस दौरान आरोपी ने कंपनी का परचेज ऑर्डर भी भेजा। इसे देखकर पीड़ित को सौदा वास्तविक लगा। इसके बाद अमित ने 63,366 रुपये मूल्य का सामान बताए गए पते पर भेज दिया।
शिकायत के अनुसार, कुछ समय बाद एक अन्य व्यक्ति ने खुद को अकाउंटेंट कुलदीप बताते हुए संपर्क किया और भुगतान प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर अलग-अलग निर्देश दिए। आरोपियों की बातों पर भरोसा करते हुए अमित ने चार अलग-अलग लेनदेन में कुल 2,53,459 रुपये उनके बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि बुधवार को आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।