-वारदात सीसीटीवी में कैद, जांच में जुटी हुई है पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। कस्बे में शुक्रवार को एक सीएससी मनी ट्रांसफर सेंटर से बदमाशों ने 2 लाख 26 हजार 350 रुपये लूट लिए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुकान मालिक नईम खान पुत्र नसीम अहमद निवासी वार्ड नंबर 6, तावडू ने थाना शहर तावडू में दी गई शिकायत में बताया कि उनकी दुकान नूंह रोड पर होज वाली मस्जिद के बाहर स्थित है। 6 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे वे जुमे की नमाज पढ़ने मस्जिद गए थे। उन्होंने अपनी दुकान पर 6 साल के बेटे मुहम्मद जैद को अकेला छोड़ दिया था। उसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति दुकान में घुसे। उन्होंने बच्चे को 20 रुपये देकर नमाज की टोपी लेने के बहाने बाहर भेज दिया। बच्चे के जाने के बाद बदमाशों ने दुकान के दोनों गल्लों के ताले पेचकस से तोड़ दिए और गल्लों में रखे कुल 2,26,350 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। जब बच्चा वापस लौटा तो घटना का पता चला। उसने शोर मचाया, लेकिन तब तक लुटेरे मौके से भाग चुके थे। नईम खान ने दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की, जिसमें पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी और थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर तावड़ू शहर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। बदमाशों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।