1.27 करोड़ रुपये की लागत से होगा सौंदर्यीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी का रोज गार्डन जल्द बदला नजर आएगा। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण ने इसके सौंदर्यीकरण के लिए निविदाएं जारी कर दी हैं। इस पर तकरीबन 1.27 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसमें कई तरह के गुलाब के फूलों के अलावा सुरक्षाकर्मी का कमरा, माली का कमरा, सत्संग भवन, ओपन थिएटर, शौचालय और चहारदीवारी का निर्माण किया जाएगा। वहीं, पार्क के चारों तरफ स्ट्रीट लाइट भी लगाई जाएंगी। रखरखाव के अभाव में यहां लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे जर्जर हो चुके हैं।
पार्क में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे भी लगाने का निर्णय लिया गया है। जबकि प्रदूषण का स्तर मापने के लिए एक्यूआई मीटर भी लगाया जाएगा। बच्चों के लिए झूले आदि लगाकर बेहतर बनाया जाएगा। पार्क के एक हिस्से में ओपन जिम भी होगा। पार्क में कई प्रकार के फूल और पौधे लगाए जाएंगे। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण के पीआरओ नेहा विज का कहना है कि टेंडर की प्रकिया पूरा होने के छह महीने के अंदर पूरा कार्य करने का प्रस्ताव रखा गया है। रोज गार्डन में पीले, गुलाबी, हल्के गुलाबी, लाल, गहरे लाल, सफेद, नारंगी, महरूम व हल्के काले रंग के गुलाब होंगे। रोज गार्डन बस स्टैंड के पास है और यहां पर लोगों की काफी भीड़ रहती है। ऐसे में एफएमडीए इसे बेहतर करने की दिशा में काम कर रहा है।
वर्जन
निविदाएं की प्रकिया पूरी होने के बाद छह महीने का समय लगेगा। निविदाएं को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रकार से भरा जा सकता है। रोज गार्डन के सौंदर्यीकरण का काम जल्द शुरू कर दिया जाएगा।
नेहा विज, एफएमडीए प्रवक्ता