फरीदाबाद। बल्लभगढ़ सदर थाना क्षेत्र के फतेहपुर बिलौच गांव स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को बदमाश उखाड़कर ले गए। मंगलवार तड़के करीब चार बजे घटना की जानकारी मिली तो पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। मौके पर पहुंची पुलिस व फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों की टीम ने एटीएम बूथ से नमूने एकत्रित किए। एटीएम में करीब 20.67 लाख रुपये थे। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
चुनावी माहौल में शहर के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के पुलिस के दावे की एटीएम लूट गिरोह ने धज्जियां उड़ा दीं। सोमवार आधी रात के बाद बल्लभगढ़ सदर थाना क्षेत्र के फतेहपुर बिलौच गांव में यह वारदात हुई। गांव में आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को बदमाश उखाड़ कर ले गए। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में पता चला है कि एटीएम को किसी भारी वाहन में बांधकर उखाड़ा गया है। इस एटीएम में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। रात के समय में सुरक्षा गार्ड भी तैनात नहीं था। इसका फायदा उठा कर बदमाश एटीएम उखाड़ ले गए।
एटीएम की देखरेख करने वाली एजेंसी के अधिकृत अधिकारी धीरेंद्र यादव ने बल्लभगढ़ सदर थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एटीएम उखाड़ने व करीब 20.67 लाख रुपये चोरी होने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। इस वारदात के ठीक दो दिन पहले पल्ला थाना क्षेत्र में भी टाटा के इंडीकैश एटीएम को भी उखाड़ने का प्रयास किया गया था, हालांकि बदमाश इसमें सफल नहीं हो सके थे।