वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से बड़खल चौक पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और पैदल यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की गई।
जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा के आदेशानुसार, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण फरीदाबाद के डीटीओ मुनीश सहगल के निर्देशन और ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से रोड सेफ्टी ओमनी फाउंडेशन की ओर से यह अभियान चलाया गया। बड़खल चौक के आसपास औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां वाहनों और लोगों की आवाजाही अधिक रहती है।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को जेब्रा लाइन पर वाहन खड़ा नहीं करने के लिए समझाया गया। उन्हें बताया गया कि जेब्रा लाइन पैदल यात्रियों के सड़क पार करने के लिए निर्धारित स्थान होता है। यहां वाहन खड़े होने से पैदल यात्रियों को परेशानी होती है और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
रोड सेफ्टी ओमनी फाउंडेशन के वाइस प्रेसिडेंट बिजेंद्र सैनी ने बताया कि कई बार लोग अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जिससे हादसे की स्थिति बन जाती है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे जल्दबाजी में वाहन न चलाएं, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचें और सड़क नियमों का पालन कर अपनी व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
अभियान के दौरान लोगों को दुर्घटना की स्थिति में तुरंत सहायता लेने के लिए 112 नंबर और हाईवे पर हादसा होने की स्थिति में एनएचएआई हेल्पलाइन 1033 की जानकारी भी दी गई।
अभियान में ट्रैफिक पुलिस के कॉन्स्टेबल रवींद्र दहिया, एचजीएच संतराज, कुलदीप, बलजीत, एनएचएआई एंबुलेंस सेवा से जोगिंदर व राहुल तथा रोड सेफ्टी ओमनी फाउंडेशन से विवेक चंडोक और बिजेंद्र सैनी मौजूद रहे।