सड़क को मजबूत करने के साथ फुटपाथ, हरियाली, आधुनिक स्ट्रीट लाइट और बेहतर जल निकासी की व्यवस्था विकसित होगी
कई सरकारी कार्यालयों, बाजार और शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचने का है मुख्य मार्ग
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर का सबसे व्यस्त नीलम चौक से बीके चौक तक का मार्ग अब नए स्वरूप में नजर आएगा। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने इस सड़क के उन्नयन और सौंदर्यीकरण की योजना तैयार की है। करीब 350 मीटर लंबे इस हिस्से पर अगले छह महीने में सड़क को मजबूत करने के साथ फुटपाथ, हरियाली, आधुनिक स्ट्रीट लाइट और बेहतर जल निकासी की व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसका सबसे बड़ा फायदा रोजाना जिला अस्पताल, नगर निगम मुख्यालय, और एनआईटी के बाजार आने-जाने वाले लोगों के साथ गुरुग्राम की ओर सफर करने वाले हजारों वाहन चालकों को मिलेगा।
नीलम चौक से बीके चौक तक का यह मार्ग केवल एक सड़क नहीं बल्कि शहर की लाइफ लाइन है। इसी रास्ते से बीके सिविल अस्पताल पहुंचने वाले मरीज और उनके परिजन गुजरते हैं। नगर निगम मुख्यालय, कई सरकारी कार्यालय, प्रमुख बैंक, बाजार और शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचने का यह मुख्य मार्ग है। सुबह कार्यालय खुलने और शाम को छुट्टी के समय यहां वाहनों की लंबी कतारें आम बात हैं। फरीदाबाद से गुरुग्राम जाने वाले बड़ी संख्या में लोग भी इसी कॉरिडोर और इससे जुड़े मार्गों का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में सड़क बेहतर होने से रोजाना सफर करने वाले हजारों लोगों का समय बचेगा।
बरसात में सबसे ज्यादा बढ़ जाती है परेशानी
यह सड़क लंबे समय से भारी यातायात का दबाव झेल रही है। जगह-जगह सड़क की परत उखड़ने, बरसात में पानी भरने और फुटपाथ नहीं होने के कारण वाहन चालकों और पैदल चलने वालों दोनों को परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार पानी भरने से वाहन रेंगते हुए निकलते हैं जिससे बीके चौक, नीलम चौक और आसपास के चौराहों पर जाम लग जाता है। एफएमडीए का कहना है कि इस बार सड़क सुधार के साथ जल निकासी व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि बारिश के दौरान पानी सड़क पर जमा न हो। यदि योजना तय समय पर पूरी होती है तो इस पूरे हिस्से में जलभराव की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।
सिर्फ नई सड़क नहीं, पूरे कॉरिडोर को मिलेगा नया रूप
इस योजना में केवल सड़क की मरम्मत ही नहीं होगी बल्कि पूरे मार्ग को आधुनिक शहरी सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा। पैदल चलने वालों के लिए व्यवस्थित फुटपाथ बनाए जाएंगे। सड़क किनारे हरियाली विकसित की जाएगी और आधुनिक स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। इससे रात के समय दृश्यता बेहतर होगी और सड़क पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित बनेगी।
काम के दौरान रहेगी सबसे बड़ी चुनौती
इस सड़क पर दिनभर भारी ट्रैफिक रहता है। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान लोगों को अस्थायी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। ट्रैफिक डायवर्जन, धूल नियंत्रण और निर्माण सामग्री के बेहतर प्रबंधन की जिम्मेदारी भी संबंधित एजेंसियों पर होगी। पर्यावरण संबंधी नियमों का पालन करना अनिवार्य रहेगा।
एक नजर
- नीलम चौक और बीके चौक फरीदाबाद के सबसे महत्वपूर्ण यातायात केंद्र हैं।
- इस मार्ग पर वर्षों से भारी ट्रैफिक और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या बनी हुई है।
- पिछले कुछ वर्षों में एफएमडीए शहर की प्रमुख सड़कों, ड्रेनेज और हरित विकास से जुड़ी कई योजनाओं पर काम शुरू कर चुका है।
- इसी क्रम में अब इस सड़क को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा।
इस मार्ग को नए सिरे से बनाने का काम जल्द शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द काम जमीनी स्तर पर शुरू हो जाएगा।
-केएस पठानिया, कार्यकारी अभियंता, एफएमडीए