राहगीरों व वाहन चालकों को हो रही है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
तिगांव। गांव मंझावली में चौराहे के पास लंबे समय से जलभराव के कारण सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांववासियों का कहना है कि नाली के पानी की निकासी की कोई उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार विभाग को इस बारे में अवगत कराया गया है, लेकिन अभी तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। लोगों का कहना है कि सड़क टूटने से बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी दिक्कत होती है और आसपास गंदा पानी जमा रहने से संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
मामले को संज्ञान में लिया गया है और जल्द ही पानी की निकासी की व्यवस्था कर दी जाएगी। ग्रामीणों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। -शुभम जैन, ग्राम सचिव