अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नेहरू कॉलोनी में चल रही कार्रवाई के कारण फरीदाबाद से गुरुग्राम जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं गुरुग्राम से फरीदाबाद आने वाले लोगों को भी लंबे रास्ते से चक्कर काटकर आना पड़ा।
बुधवार सुबह मस्जिद चौक क्षेत्र में बड़े स्तर पर बैरिकेडिंग कर रास्ते को बंद कर दिया गया। यहां पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की बड़ी संख्या में तैनाती की गई थी।
सुरक्षा कारणों से मार्ग बंद किए जाने के चलते वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर गुरुग्राम की ओर जाने वाले लोगों को लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। सुबह के समय कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों और अन्य यात्रियों को अतिरिक्त समय लगने से दिक्कतें हुईं।
मस्जिद चौक के आसपास कई स्थानों पर बैरिकेड्स लगाए गए थे जिससे सामान्य यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। पुलिसकर्मी लगातार वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर भेजते रहे। हालांकि इससे कई मार्गों पर अतिरिक्त दबाव भी देखने को मिला।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क बंद रहने के कारण ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। वहीं रोजाना इस मार्ग का उपयोग करने वाले लोगों को अपने तय रास्ते बदलने पड़े। कई वाहन चालकों ने बताया कि उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक दूरी तय करनी पड़ी। वहीं पुलिस की तरफ से जारी एडवाइजरी में भी इन मार्ग के स्थान पर सूरजकुंड रोड व अन्य रास्तों का उपयोग करने की अपील की गई थी।