मिर्जापुर मोड़ पर हुए हादसे में एंबुलेंस से उतरी रहीं 3 महिलाएं घायल
05 घंटे तक प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सदर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव के मोड़ पर बुधवार सुबह कार सवारों ने राधा स्वामी सत्संग की संचालित एंबुलेंस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एंबुलेंस से उतर रही तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। इनमें बुजुर्ग कलावती देवी की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद कार सवार वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गए। कार में शराब की बोतलें मिलने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट गया। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने करीब पांच घंटे तक सड़क जाम रखा। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने कहा कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। कार को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। एक आरोपी को पुलिस ने काबू कर पूछताछ कर रही है।
शिकायत के अनुसार घायल कलावती देवी, सुमित्रा देवी और सोमदेवी राधा स्वामी सत्संग से एंबुलेंस में सवार होकर वापस लौट रही थीं। मिर्जापुर गांव के मोड़ पर महिलाएं एबुलेंस से उतर रही थीं। इसी दौरान नीमका गांव की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही कार ने एंबुलेंस को पीछे से टक्कर मार दी। कलावती देवी कार के नीचे फंस गईं। सुमित्रा देवी के बेटे नरेंद्र ने आरोप लगाया कि कार में तीन से चार युवक सवार थे। ग्रामीणों ने कार की तलाशी ली तो उसमें शराब की बोतलें और नमकीन-चिप्स के पैकेट मिले। हादसे की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मिर्जापुर मोड़ पर पहुंच गए और सड़क जाम कर दी। ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान सदर थाना और आईएमटी चौकी पुलिस के साथ उनकी तीखी नोकझोंक हुई। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।