फरीदाबाद। अरावली क्षेत्र में कथित गोवंश तस्करी और गोवंश काटे जाने की सूचना पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज हिंदू संगठन और गोरक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार दोपहर सुरजकुंड रोड पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क के बीच वाहनों को खड़ा कर यातायात बाधित कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि रविवार रात अरावली क्षेत्र में गोवंश की तस्करी और कटान की सूचना पुलिस को दी गई थी लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना था कि मामले में आरोपियों के खिलाफ भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे लोगों में नाराजगी है। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और सड़क से वाहन हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों की शिकायत मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संवाद