संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। जमालगढ़ रोड पर सोमवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार 8 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को पहले सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नल्हड़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर-5 निवासी शाहरूख ने शिकायत में बताया कि वह घर पर मौजूद था, तभी उसे सूचना मिली कि उसकी मां, भाई और भतीजी सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए हैं। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा। बताया गया कि उसका भाई अपनी मां और भतीजी के साथ रूपहेड़ी से पुन्हाना की ओर लौट रहा था। इसी दौरान लहरवाड़ी रोड पर हाजी नूर धर्मकांटा के पास एक तेज रफ्तार पानी के टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेड़ा स्थित अल आफिया अस्पताल भिजवा दिया है। वहीं, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।