संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। शहर के पुन्हाना चौक के समीप तेज रफ्तार कैंटर चालक ने दो बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। कैंटर की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक धर्मेश (16) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसका साथी बाल बाल बच गया। घटना के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भिजवाया दिया। पुलिस ने मृतक के परिजन की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बृहस्पतिवार को होडल-पुन्हाना सड़क मार्ग पर गांव पिनंगवा निवासी धर्मेश अपने साथी गौरव के साथ बाइक से होडल आ रहा था। जैसे ही उनकी बाइक पुन्हाना चौक के निकट पहुंची तो कैंटर ट्रक चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और धर्मेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में उसका साथी गौरव बाल बाल बच गया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के परिजन की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।