फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: बीके अस्पताल के आरएमओ पर 15 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप, सीएमओ से की शिकायत

विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


फरीदाबाद। बीके नागरिक अस्पताल में मेडिकल बोर्ड गठित करने के नाम पर आरएमओ रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर पर 35 हजार रुपये की रिश्वत मांगने और 15 हजार रुपये लेने का आरोप लगा है। सोतेई गांव निवासी ओमप्रकाश और कंवरपाल उर्फ भूली ने सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा से मामले की शिकायत की है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि आरएमओ डॉ. शुभम ने रुपये मिलने के बाद ही मेडिकल बोर्ड गठित करने के लिए हस्ताक्षर किए। सीएमओ ने मामले की जांच करवाकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। शिकायत के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे कंवरपाल उर्फ भूली अपने बेटे नवीन को लेकर बीके अस्पताल पहुंचे थे। नवीन के साथ मारपीट की घटना में चोट लगी थी। इससे पहले परिजन उसे सर्वोदय अस्पताल लेकर गए थे, जहां से उसे बीके अस्पताल रेफर किया गया। मामले में चोटों को लेकर मेडिकल ओपिनियन की जरूरत थी। इसके लिए फाइल सीएमओ के पास भेजी गई थी। सीएमओ ने फाइल कार्यकारी प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास गोयल को मार्क की। इसके बाद डॉ. विकास गोयल ने इसे आरएमओ डॉ. शुभम के पास भेज दिया।
विज्ञापन

आरोप है कि आरएमओ को मेडिकल बोर्ड गठित करने के लिए डॉक्टरों की टीम तय करनी थी। कंवरपाल और ओमप्रकाश का कहना है कि शनिवार सुबह जब वे डॉ. शुभम से मिले तो वह नशे की हालत में दिखाई दे रहे थे। उन्होंने काम करने की बात कहकर उन्हें इंतजार करने के लिए कहा और वहां से चले गए। दोपहर करीब ढाई बजे दोबारा संपर्क करने पर उन्होंने बाहर होने की बात कहकर काम करने से मना कर दिया।

शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, जब उन्होंने उसी दिन मेडिकल बोर्ड गठित करने की जरूरत बताते हुए अनुरोध किया तो डॉ. शुभम ने कथित तौर पर 35 हजार रुपये देने की मांग की। काम जरूरी होने के कारण उन्हें रुपये देने के लिए सहमत होना पड़ा। शाम करीब चार बजे डॉ. शुभम दोबारा बीके अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान ओमप्रकाश ने उन्हें 15 हजार रुपये दिए, जिसके बाद उन्होंने मेडिकल बोर्ड गठित करने के लिए हस्ताक्षर किए।

परिजनों का कहना है कि रविवार को अवकाश होने के कारण वे सीएमओ से शिकायत नहीं कर सके। सोमवार को उन्होंने सीएमओ के सामने पूरा मामला रखा। शिकायतकर्ताओं ने डॉक्टर पर रिश्वत मांगने के साथ-साथ ड्यूटी के दौरान नशे में होने का भी आरोप लगाया है। वहीं, जानकारी के अनुसार शिकायत के बाद आरएमओ छुट्टी लेकर अस्पताल से चले गए हैं।
विज्ञापन


सीएमओ बोले, कराई जाएगी जांच

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने कहा कि इस मामले की शिकायत मिल गई है। मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें