नगर निगम मुख्यालय का घेराव करेंगे निवासी
सीवर ओवरफ्लो की समस्या से परेशान एनआईटी-पांच ए ब्लॉक के निवासियों ने किया विरोध प्रदर्शन
लोगों ने एसई को ज्ञापन देकर जल्द से जल्द सफाई कराने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सीवर ओवरफ्लो की समस्या से एनआईटी-पांच ए ब्लॉक के निवासियों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया और एसई ओमवीर सिंह को ज्ञापन दिया। एसई ने कार्यकारी अभियंता से जल्द ही समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
श्री हरि मंदिर के पास एकत्रित स्थानीय निवासी शिल्पा कपूर, पूजा वर्मा, मोना कालरा और शिवा अरोड़ा ने बताया कि तीन-चार माह से मोहल्ले में सीवर ओवरफ्लो की समस्या है। लोगों को काफी परेशानी हो रही है। नगर निगम से मांग की गई है कि यहां जल्द से जल्द सफाई करवाई जाए। दो-तीन दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो नगर निगम मुख्यालय का घेराव कर बीके चौक पर जाम लगाएंगे। निवासी परविंदर राजपाल ने बताया कि कई माह से सीवर और बरसाती पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारी यशपाल ग्रोवर ने कहा कि कई बार नगर निगम को अवगत करवाया है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई है। प्रदर्शन के बाद सभी निगम कार्यालय पहुंचे और एसई से मिले।