बिल्डर व मेंटेनेंस कंपनी पर मनमानी और वादाखिलाफी का आरोप लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
तिगांव। ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-76 स्थित बीपीटीपी बिल्डर के दफ्तर के बाहर शुक्रवार को आरडब्ल्यूए के सैकड़ों सदस्यों ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया। लोगों ने बिल्डर व मेंटेनेंस कंपनी पर मेंटेनेंस चार्ज वसूली के नाम पर मनमानी करने और वादाखिलाफी का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सुविधाओं के नाम पर बिल्डर हर छह महीने में चार्ज बढ़ाता जा रहा है लेकिन सोसाइटी की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। निवासियों का कहना है कि बिल्डर ने फ्लैट बेचते समय 24 घंटे बिजली-पानी, सुरक्षा और हरियाली का वादा किया था मगर अब बिजली कटौती, पानी की कमी और खराब सड़कों से लोग परेशान हैं। बिल्डर से बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ड्रीम सिटी का सपना टूटा, लोग नाराज
लोगों ने कहा कि बीपीटीपी कभी ड्रीम सिटी के नाम से मशहूर थी, लेकिन अब यहां रहना मुश्किल हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था कमजोर है, गेट खराब हैं और गार्डों की संख्या घटा दी गई है। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बीपीटीपी बिल्डर की मनमानी पर तुरंत रोक लगाई जाए और सोसाइटी की सभी मूलभूत सुविधाएं बहाल की जाएं। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।
हमने कई बार बिल्डर को पत्र लिखकर समस्याओं की जानकारी दी है लेकिन हर बार केवल झूठे आश्वासन ही मिले। अब हमें मजबूर होकर सड़कों पर उतरना पड़ा है। - ओमबीर, बीपीटीपी जी ब्लॉक निवासी
हमने लाखों रुपये खर्च कर घर खरीदा है लेकिन आज यह जगह हमारे लिए सिरदर्द बन चुकी है। बिल्डर मेंटेनेंस चार्ज बढ़ा रहा है जबकि सुविधाएं लगातार घट रही हैं। -विवेक, बीपीटीपी वी ब्लॉक निवासी
हर महीने कोई न कोई नया चार्ज जोड़ दिया जाता है। पारदर्शिता नाम की कोई चीज नहीं है। हमें यह तक नहीं बताया जाता कि इन पैसों का उपयोग कहां हो रहा है। -यशपाल, बीपीटीपी निवासी
सफाई, पानी और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल रहीं। महिलाएं और बच्चे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अब प्रशासन को हस्तक्षेप करना चाहिए।- आरएस डागर, बीपीटीपी निवासी
हर जानकारी करते हैं साझा
मेंटेनेंस कंपनी बीपीएमएस के मैनेजिंग डायरेक्टर श्याम सुंदर ने कहा कि हम हमेशा से सभी निवासियों और आरडब्ल्यूए के साथ खर्चों से जुड़ी हर जानकारी साफ-साफ साझा करते आए हैं। कॉमन एरिया मेंटेनेंस चार्ज में हाल का बदलाव चार साल से ज्यादा समय बाद किया गया है। यह पूरी तरह पिछले साल के असली खर्चों पर आधारित है, जिनकी जांच और प्रमाणन एक स्वतंत्र चार्टर्ड अकाउंटेंट ने हमारी ऑडिट की गई खाताबही के अनुसार किया है। हम सेवा और पारदर्शिता के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं और निवासियों की किसी भी वास्तविक चिंता पर खुले संवाद का स्वागत करते हैं।”