संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी विधानसभा क्षेत्र की पर्वतीय कॉलोनी में सीवर के पानी की निकासी बाधित होने से स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नालियों की सफाई नहीं होने के कारण सीवर का पानी गलियों और सड़कों पर फैल गया है। कई स्थानों पर जलभराव होने से लोगों की आवाजाही प्रभावित है। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोगों को रास्ते में जमा पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
लोगों ने बताया कि सड़क और घरों के आसपास गंदगी जमा होने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। रास्तों पर पानी भरा होने के कारण लोगों को आने-जाने में सावधानी बरतनी पड़ती है। आसपास गंदगी रहने से वातावरण भी दूषित हो रहा है।
स्थानीय निवासी महेंद्र ने बताया कि करीब दो महीने से कॉलोनी में सीवर और नालियों की सफाई की समस्या बनी हुई है। इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि हर बार जल्द कार्रवाई का आश्वासन मिलता है, लेकिन स्थिति में बदलाव नहीं आया। वहीं, निवासी पुष्पा ने बताया कि जलभराव के कारण स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है।