-प्राचीन नल्हड़ मंदिर पास बने यार्ड से उठने वाली बदबू व गंदगी बनी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह शहर में स्थित एक अवैध डंपिंग यार्ड लोगों के लिए गंभीर समस्या बनता जा रहा है। शहर के पश्चिमी हिस्से में, प्राचीन नल्हड़ मंदिर रोड के पास बनाए गए इस डंपिंग यार्ड से उठने वाली बदबू, धुआं और गंदगी ने स्थानीय निवासियों का जीना मुश्किल कर दिया है।
स्थानीय लोगों राजू शर्मा, गोपाल पंडित, नवीन शर्मा, परवेश कुमार, रघुबीर बघेल, अजय कुमार और ओमी गोला ने बताया कि यह डंपिंग यार्ड पूरी तरह अवैध रूप से संचालित हो रहा है। यहां शहर का कचरा खुले में डाला जाता है, जिससे लगातार प्रदूषण फैल रहा है। सुबह से शाम तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु नल्हड़ मंदिर की ओर जाते हैं, लेकिन रास्ते में फैली गंदगी और दुर्गंध उन्हें काफी परेशान करती है।
लोगों का कहना है कि डंपिंग यार्ड से निकलने वाला कचरा सड़क तक फैल जाता है, जिससे सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है। वहीं, दिनभर चलने वाली पश्चिमी हवाओं के कारण यार्ड से उठने वाली दुर्गंध और धुआं पूरे शहर में फैल जाता है। इससे लोगों की आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं।
महिलाओं ने निकाला था मोर्चा :
बीते दिनों महिलाओं ने इस मुद्दे को लेकर विरोध मार्च भी निकाला था। अब सर्व समाज ने 2 अप्रैल को नूंह के खाटू श्याम मंदिर में एक बैठक बुलाने का निर्णय लिया है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेंगे।
-
वर्जन
डंपिंग यार्ड से कूड़ा उठाने के लिए टेंडर छोड़ दिया गया है। आने वाले एक सप्ताह के अंदर यहां से कूड़ा उठ जाएगा, साथ ही कूड़े को नए स्थान पर डालने की प्रक्रिया भी चल रही है।
-संजय मनोचा, चेयरमैन, नगरपरिषद नूंह