फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: डबुआ कॉलोनी के लोगों को जलभराव और जर्जर सड़क से मिलेगी राहत

विज्ञापन
विज्ञापन
नगर निगम की ओर से पेयजल लाइन बिछाने, मजबूत कंक्रीट सड़क बनाने और नालियों का स्तर ऊंचा करने का काम किया जाएगा
विज्ञापन


अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एनआईटी विधानसभा क्षेत्र की डबुआ कॉलोनी के बी-ब्लॉक और कम्युनिटी सेंटर पॉकेट के आसपास रहने वाले करीब 20 हजार से अधिक लोगों को लंबे समय से चली आ रही सड़क और जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। नगर निगम फरीदाबाद ने क्षेत्र के विकास के लिए योजना तैयार की है। इसके तहत पेयजल लाइन बिछाने, मजबूत कंक्रीट सड़क बनाने और नालियों का स्तर ऊंचा करने का काम किया जाएगा। निगम का दावा है कि काम पूरा होने के बाद बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या में कमी आएगी।

डबुआ कॉलोनी के बी-ब्लॉक में पिछले कई वर्षों से सड़क टूटने, सीवर व्यवस्था खराब होने और जलनिकासी की समस्या बनी हुई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती थी। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता था और कई बार घरों के दरवाजों तक पहुंच जाता था। खराब सड़क के कारण पैदल चलने वालों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती थी।
विज्ञापन


इलाके की सड़कों पर बने गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों के गिरने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों की लंबे समय से मांग थी कि सड़क निर्माण के साथ जलनिकासी व्यवस्था को भी सुधारा जाए, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

पहले पानी की लाइन, फिर बनेगी कंक्रीट सड़क

नगर निगम की योजना के अनुसार, सड़क निर्माण से पहले क्षेत्र में पानी की लाइन बिछाई जाएगी। इसके बाद एम-25 ग्रेड की कंक्रीट (पीसीसी) सड़क बनाई जाएगी। निगम अधिकारियों के मुताबिक, कई इलाकों में सड़क बनने के बाद नालियां नीचे रह जाने से दोबारा जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है। इसी को देखते हुए इस परियोजना में नालियों का स्तर भी ऊंचा करने का प्रावधान रखा गया है।



लोगों को अब समय पर काम पूरा होने का इंतजार

डबुआ कॉलोनी के निवासियों का कहना है कि योजना लागू होने के बाद सबसे बड़ी राहत बारिश के मौसम में मिलेगी। स्थानीय लोगों की मांग है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए और काम तय समय सीमा में पूरा हो। इलाके के लोगों का कहना है कि केवल सड़क बनाना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि नालियों और सीवर व्यवस्था की नियमित निगरानी भी जरूरी है। इससे भविष्य में दोबारा जलभराव जैसी स्थिति बनने से रोका जा सकेगा।
विज्ञापन


इस परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद प्राथमिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जल्द जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया जाएगा। - सतपाल, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें