अस्पताल प्रशासन पर लगातार अपमानजनक व्यवहार करने के आरोप लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ईएसआईसी अस्पताल में पीजी रेजिडेंट डॉक्टरों ने मंगलवार को हड़ताल शुरू कर दी। रेजिडेंट डॉक्टरों के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन में डॉक्टरों ने अस्पताल प्रशासन पर लगातार बदतमीजी और अपमानजनक व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि सम्मानजनक माहौल न होने के कारण उन्हें धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा। धरने के दौरान डॉक्टरों के हाथ में एक पोस्टर था, जिसपर लिखा था...हम डॉक्टर हैं चोर नहीं।
रेजिडेंट डॉक्टरों ने आरोप लगाया कि अस्पताल के डीन ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उन्हें चोर कहकर संबोधित किया। डॉक्टरों का कहना है कि मरीजों की सेवा में लगातार लगे रहने के बावजूद उन्हें किसी प्रकार की चिकित्सकीय सुविधा नहीं दी जाती। यहां तक कि सामान्य बीमारी होने पर भी अस्पताल से दवा लेने की अनुमति नहीं है।
डॉक्टरों की मांग है कि सभी रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए स्वास्थ्य कार्ड जारी किया जाए, जिससे उन्हें और उनके साथ रहने वाले परिवार के सदस्यों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। डॉक्टरों ने साफ किया है कि मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।
इस मामले में डीन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। जानकारी के अनुसार, अस्पताल प्रशासन मंगलवार को मीडिया से बातचीत करने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकता है।