लुटने से बचा इंडियन बैंक का एटीएम
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ के फतेहपुर बिल्लौच गांव में आईसीआईसीआई के एटीएम उखाड़ ले जाने के बाद मंगलवार रात भी बदमाशों ने खेड़ीपुल थाना क्षेत्र के सेक्टर-86 स्थित इंडियन बैंक के एटीएम को तोड़ कर लूटने का प्रयास किया गया। बैंक प्रशासन की सतर्कता और आधुनिक सुरक्षा से लैस सुविधाओं ने इस एटीएम को लुटने से बचा लिया गया। इसमें बैंक प्रबंधक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने मामले की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी। कुछ देर में वह स्वयं भी मौके पर पहुंच गए।
नई दिल्ली के प्रहलादपुर में रहने वाले बैंक प्रबंधक आनंद कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे उनके बैंक के एटीएम को लूटने का प्रयास किया गया। एटीएम में अलार्म लगे होने के कारण लुटने से बच गया। उन्होंने बताया कि एटीएम से छेड़खानी करते ही अलार्म बच गया। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर व कंट्रोल रूम में मैसेज भी पहुंच गया। देर रात करीब दो बजे एटीएम की जांच की गई तो एटीएम बूथ का शटर कटा हुआ था। तीन कैमरे टूटे मिले। एटीएम की आउटर डोर टूटा हुआ था व एटीएम स्क्रीन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। एटीएम में नकदी जांच की गई तो वह पूरी मिली। इसके बाद पुलिस ने भी राहत की सांस ली।