बीके अस्पताल में कैशलेस व्यवस्था लागू होने से बुजुर्गों और स्मार्टफोन नहीं रखने वालों की बढ़ी मुश्किलें
काउंटर पर मरीजों-कर्मचारियों में बहस
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल में इलाज कराने के लिए अब मरीजों को जेब में पैसे रखने के साथ स्मार्टफोन और ऑनलाइन भुगतान की जानकारी भी जरूरी हो गई है। अस्पताल में सभी काउंटरों पर ऑनलाइन भुगतान अनिवार्य किए जाने के बाद मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। सोमवार को जीवन नगर से अपने दो महीने के बच्चे को लेकर पहुंची एक महिला ओपीडी की पांच रुपये की पर्ची तक नहीं बनवा सकी।
स्मार्टफोन नहीं होने और ऑनलाइन भुगतान की जानकारी न होने के कारण उसे बिना इलाज कराए ही वापस लौटना पड़ा। अस्पताल में सोमवार को एनएचएम निदेशक वीरेंद्र यादव ने निरीक्षण के दौरान सभी काउंटरों पर शत-प्रतिशत ऑनलाइन भुगतान लागू करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद ओपीडी पर्ची बनवाने के लिए भी नकद भुगतान लेना बंद कर दिया गया। पहले मरीज पांच रुपये देकर आसानी से पर्ची बनवा लेते थे, लेकिन अब डिजिटल भुगतान नहीं कर पाने वाले लोगों के सामने इलाज शुरू कराने से पहले ही परेशानी खड़ी हो गई है।
इसका सबसे अधिक असर बुजुर्गों, ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों और उन लोगों पर पड़ रहा है, जिनके पास स्मार्टफोन या डिजिटल भुगतान की सुविधा नहीं है। कई मरीजों को दूसरों से मदद मांगनी पड़ रही है। वहीं, कुछ मरीजों की काउंटर पर कर्मचारियों से बहस भी हुई। इस दौरान पर्ची बनवाने के लिए काफी देर तक इंतजार कर रही बुजुर्ग महिला अचानक गिर गई, जिसके बाद उसे मौजूद लोगों ने उठाया और पानी पिलाया।
कर्मचारी भी असमंजस में
ऑनलाइन भुगतान अनिवार्य होने से ओपीडी काउंटरों पर तैनात कर्मचारियों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। कर्मचारियों का कहना है कि मरीज नकद पैसे देना चाहते हैं, लेकिन अधिकारियों के निर्देशों के कारण वे भुगतान स्वीकार नहीं कर सकते। ऐसे में मरीजों की नाराजगी उन्हें झेलनी पड़ रही है। मरीजों की मांग है कि डिजिटल भुगतान के साथ नकद भुगतान का विकल्प भी रखा जाए, ताकि किसी को केवल पर्ची न बन पाने के कारण इलाज से वंचित न रहना पड़े।
मरीजों से बातचीत
बच्चे को दिखाने आई थी, लेकिन ऑनलाइन भुगतान नहीं कर पाने के कारण पर्ची तक नहीं बन पाई है। - नतीशा, सैनिक कॉलोनी
हमें मोबाइल से पैसे भेजने की जानकारी नहीं है। पांच रुपये के लिए भी दूसरों पर निर्भर होना पड़ रहा है। - भूरी देवी, पर्वतीय कॉलोनी
सरकारी अस्पताल में गरीब लोग इलाज कराने आते हैं। उनके लिए नकद भुगतान की सुविधा भी होनी चाहिए। - राजेश कुमार, सेक्टर- 8
ऑनलाइन भुगतान में परेशानी होने पर काउंटर पर कोई दूसरा विकल्प नहीं मिला। काफी देर तक भटकना पड़ा। - अखतर, त्रिखा कॉलोनी
वर्जन
अस्पताल में शत-प्रतिशत ऑनलाइन भुगतान लागू करने के निर्देश हैं। यदि मरीजों को ऑनलाइन भुगतान करने में परेशानी हो रही है तो इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। - डॉ. जयंत आहूजा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी