फरीदाबाद पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करते पुलिस आयुक्त ओपी सिंह ।
- फोटो : Faridabad
फरीदाबाद। पुलिस आयुक्त ओपी सिंह ने सोसाइटी अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे सुरक्षा के नाम पर दहशत फैलाने वाले बाउंसरों को हटाकर चौकीदार तैनात करें। वह बृहस्पतिवार को एनआईटी जोन के डीसीपी डॉ. अर्पित जैन सहित सभी थाने व चौकी प्रभारियों के साथ बैठक कर रहे थे। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को सोसाइटी अध्यक्षों तक यह संदेश पहुंचाने और नजर रखने के लिए कहा है।
पुलिस आयुक्त ने बैठक में कहा कि पुलिसकर्मी जिस बहादुरी और संकल्प के साथ ड्यूटी कर रहे हैं, वह काबिले तारीफ है। इसको इसी तरह जारी रखें और जनता की सेवा करें। थाना व चौकी प्रभारियों को कहा कि वे अपने क्षेत्र की सोसाइटियों अथवा गांवों में जाकर वहां प्रधान व सरपंचों से बात करें और उनकी समस्याओं को उनकी सुविधा के अनुसार ही हल करें। उन्होंने सोसाइटी अध्यक्षों को संदेश देते हुए कहा कि सोसाइटी में सुरक्षा के लिए रखे गए बाउंसरों की वजह से लोगों में डर का माहौल पैदा होता है। इसलिए वहां से बाउंसरों को हटा कर उनकी जगह चौकीदार रखें।
थाना-चौकी प्रभारी अपने क्षेत्र में प्लेसमेंट एजेंसी मालिकों के साथ भी बैठक करें और चेक करें कि उनके पास कार्य करने वाले कर्मचारियों का शोषण तो नहीं हो रहा। पुलिस आयुक्त ने जिम संचालकों को सप्लीमेंट के नाम पर युवाओं को नशा देने पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है। साथ ही उन्होंने जिन बाजारों में जाम लगता है, वहां पर प्रधान व व्यापार मंडल अध्यक्षों के साथ थाना प्रभारी बैठक करके दुकानों के आगे पीली पट्टी लगवाएं, जिससे दुकानदार उस पीली पट्टी से आगे सड़क पर अतिक्रमण न कर पाए। पुलिस आयुक्त ने सभी को अपने क्षेत्र में घटित होने वाले छोटे-छोटे अपराध जैसे अवैध रूप से शराब की बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, जुआ और चोरी पर लगाम लगाएं। यह छोटे-छोटे अपराध ही बड़े अपराध घटित होने का कारण बनते हैं।