मामले की जांच अपराध शाखा को ट्रांसफर, पति अरुण की तलाश में जुटी पुलिस टीमें
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। विवाहिता तन्नू की हत्या कर शव गली में दफनाने के मामले में गिरफ्तार आरोपी ससुर भूप सिंह को सोमवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से पुलिस ने उसकी रिमांड 3 दिन के लिए बढ़वा ली है। साथ ही केस की जांच भी पल्ला थाना पुलिस से अपराध शाखा को ट्रांसफर कर दी गई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि टीम अब भूप सिंह से पूछताछ कर इसके बेटे अरुण की तलाश कर रही है।
दो दिन की रिमांड पूरी होने पर सोमवार को भूप सिंह की रिमांड फिर से बढ़वाई गई है । दो दिन की रिमांड के दौरान भूप सिंह की पत्नी व बेटी से पुलिस टीम ने पूछताछ की है। जिसमें भूप सिंह की पत्नी ने कहा कि वो तो वारदात के दौरान यूपी में अपने भांजे की शादी में गई हुई थी। वापस आने पर उसे बताया गया कि तन्नू घर छोड़कर चली गई है। जबकि बेटी ने कहा कि वो अपने कमरे में मौजूद थी और उसे हत्या करने या शव दफनाने की कोई जानकारी नहीं है। इस दौरान पुलिस ने घर से वह चुन्नी भी बरामद की है जिससे भूप सिंह ने तन्नू का गला दबाया था।
मामले में रोशन नगर सी ब्लॉक गली नंबर 1 के मकान नंबर 618 निवासी अरुण सिंह ने 25 अप्रैल 2025 को पल्ला थाने में शिकायत दी थी। इनका परिवार यूपी मैनपुरी का मूल निवासी है। परिवार में भूप सिंह के अलावा पत्नी सोनिया, बेटी काजल, बेटा अरुण सिंह व अरुण की पत्नी तन्नू थे। शिकायत में कहा गया कि 24 अप्रैल को उसकी पत्नी तन्नू घर से बिना बताए चली गई है। तन्नू की उम्र 24 साल और वो मंदबुद्धि बताई गई। मामले में पल्ला थाना पुलिस ने गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज की।
अरुण और तन्नू की शादी दो साल पहले हुई थी। तन्नू फिरोजाबाद यूपी के शिकोहाबाद निवासी हाकिम की बेटी थी। हाकिम ने बताया कि बेटी को ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान करते थे। जिसके चलते लगभग एक साल तक तन्नू उनके घर रही और फिर पंचायत होने के बाद तन्नू को ससुराल भेजा गया। साथ ही भूप सिंह पर ये भी आरोप लगाया कि वह तन्नू पर गलत नजर रखता था। मामले में शुक्रवार 20 जून की सुबह पुलिस ने घर के सामने गड्ढा खुदवाया तो उसमें तन्नू का शव मिला। सोख्ता गड्ढे के नाम पर ये गड्ढा खुदवाया गया था। जिसे 23 अप्रैल की रात ही मिट्टी से भर दिया गया था। जिसके बाद केस में हत्या की धारा जोड़ी गई।