फरीदाबाद। सेक्टर-सात-ए स्थित सावित्री सदन में रहने वाले डॉक्टर प्रवीण मेहंदीरत्ता, उनकी पत्नी सुदेेश उर्फ भारती, बेटी प्रियंका व दामाद सौरभ कटारिया की गला रेत कर हत्या के आरोपी की आज रिमांड पूरी हो जाएगी। पूछताछ में कुछ और अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस ने उसके कपड़े और जूते भी बरामद किए हैं जो उसने ट्रेन से फेंक दिए थे, हालांकि, पुलिस अभी इन तथ्यों को सार्वजनिक करने से इन्कार किया है।
एसीपी क्राइम अनिल कुमार ने बताया कि हत्यारोपी को शिरडी से गिरफ्तार करने के बाद उसके पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू समेत अन्य सामान बरामद कर लिया था। हत्यारोपी से पूछताछ पूरी हो चुकी है। शिरडी से गिरफ्तारी के बाद आरोपी को तीन दिन की रिमांड पर लेकर क्राइम ब्रांच की टीम हत्याकांड का खुलासा कर चुकी है।
साक्ष्य के तौर पर आरोपी के कपड़े व जूते बरामद करने के लिए दो दिन रिमांड की अवधि बढ़ाने की मांग न्यायालय से की गई थी। यह रिमांड अवधि सोमवार को पूरी हो रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने चोरी की नीयत से चार लोगों की हत्या की थी। आरोपी ने शिरडी जाने के समय कपड़े व जूते ट्रेन से फेंके थे। क्राइम ब्रांच की टीम ने दो दिन की और रिमांड लेकर कपड़े व जूते बरामद कर लिए हैं। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश कर दिया जाएगा।