अमर उजाला ब्यूरो फरीदाबाद। तिगांव रोड पर सीवर निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने पाइपलाइन बिछाने और उसे मौजूदा नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए सेक्टर-3 डिस्पोजल के सामने 450 एमएम व्यास की पाइपलाइन बिछाई जाएगी। एफएमडीए इस काम पर 4.20 लाख रुपये खर्च करने की तैयारी कर रहा है। इससे क्षेत्र में सीवर निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और मौजूदा नेटवर्क की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
एफएमडीए के कार्यकारी अभियंता समुंद्र सिंह के अनुसार तिगांव रोड पर सेक्टर-3 डिस्पोजल के सामने पहले से बिछी 600 एमएम व्यास की डीआई पाइपलाइन से नई 450 एमएम व्यास की डीआई पाइपलाइन को जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही संबंधित अन्य कार्य भी किए जाएंगे। परियोजना को पूरा करने के लिए 30 दिन की समयसीमा निर्धारित की गई है।
सीवर नेटवर्क की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
मौजूदा पाइपलाइन से नई लाइन जोड़ने का उद्देश्य सीवर नेटवर्क को आपस में जोड़ना और निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना है। तिगांव रोड पर बढ़ती आबादी और आसपास विकसित हो रहे आवासीय क्षेत्रों के लिहाज से सीवर ढांचे को मजबूत किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को जलभराव से मुक्ति मिलेगी।