जिले के 10 से अधिक खिलाड़ियों ने ट्रायल में भाग लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। रविवार को पानीपत जिले के सिवाह स्टेडियम में नेशनल ओपन रिले चैंपियनशिप के लिए हरियाणा की रिले टीम के चयन के लिए ट्रायल आयोजित किया गया। इस ट्रायल प्रतियोगिता में फरीदाबाद के 10 से अधिक खिलाड़ियों ने अपनी जगह टीम में सुनिश्चित करने के लिए दम दिखाया। ट्रायल में महिला और पुरुष दोनों वर्गों के ट्रायल आयोजित किए गए।
फरीदाबाद निवासी मीडिया प्रभारी खेल सत्यवीर धनखड़ ने बताया कि ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों की सूची सोमवार और मंगलवार के बीच जारी की जा सकती है। इन ट्रायलों में जिन भी खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, वह सभी एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) की ओर से आयोजित की जाने वाली राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में 28 मार्च से भाग लेते हुए नजर आएंगे। चंडीगढ़ में राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
हरियाणा एथलेटिक्स के महासचिव प्रदीप मलिक ने बताया कि इस चयन प्रक्रिया में वही खिलाड़ी भाग ले सकते हैं, जिनके पास एएफआईयू आईडी होगी। बिना यू आईडी वाले एथलीट खिलाड़ी को अनुमति प्रदान नहीं की जाएगी।