फरीदाबाद। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से बैंकर्स के साथ सेक्टर-12 लघु सचिवालय के सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें जिला अगृणी बैंक केनरा के प्रबंधक डॉ. अलभ्य मुख्य रूप से शामिल रहे। अध्यक्षता कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ. अनिल कुमार ने की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसान 31 जुलाई तक अपनी फसल का बीमा करा सकते हैं। यह बीमा बैंक शाखा, सीएससी और अटल सेवा केंद्र बीमा करवाया जा सकता है। इसके लिए उन्हें कोई शुल्क अदा नहीं करना होगा। डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि जिले में अग्री इंश्यूरेशन कॉपोरेशन ऑफ इंडिया को तीन वर्षों के लिए लगाया गया है। खरीफ सीजन की फसल धान, कपास, बाजरा और मक्का के लिए किसानों की प्रीमियम राशि तय की गई है। धान के लिए 1680.30 रुपये, कपास के लिए 4077.72 रुपये, बाजरा के लिए 790.72 और मक्का के लिए 840.16 रुपये प्रति हेक्टेयर राशि निर्धारित की गई है। जिन किसानों ने बैंक या सोसाइटी के माध्यम से फसल ऋण ले रखा है। उनका प्रीमियम बैंक व सोसाइटी में दर्ज फसल ब्योरे के अनुसार काटा जाएगा। फसल बीमा योजना की जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 180018021117 पर भी संपर्क किया जा सकता है।