फरीदाबाद के झूठे दुष्कर्म मुकदमे से तनावग्रस्त युवक की मौत, पलवल के खेत में मिला शव
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। फरीदाबाद में दर्ज हुए झूठे दुष्कर्म मामले के कारण तनाव में चल रहे एक शख्स ने दम तोड़ दिया। उसका शव रविवार को पलवल के दीघोट गांव स्थित खेत में मिला। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश के रूप में हुई है। उसके भाई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि 15 अगस्त को मुकेश फरीदाबाद गया था, जहां उसके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया गया। इसके बाद से वह गहरे मानसिक तनाव में था। सुरेंद्र ने आरोप लगाया कि फरीदाबाद के थाना सेक्टर-58 से उनके भतीजे नीरज को मुकेश के फोन पर कॉल आया था।
कॉल करने वाले लोगों ने कथित तौर पर धमकी दी कि या तो लड़की की शादी के लिए रुपये दो, नहीं तो मुकदमा दर्ज कर दिया जाएगा। इस मामले में परिजनों ने एक महिला लक्ष्मी समेत कई लोगों पर साजिश का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस पूरे प्रकरण में कुछ पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सुरेंद्र के पास आरोपियों और थाने से आए फोन कॉल की रिकॉर्डिंग मौजूद होने का दावा किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मृतक के बयान व परिजनों के आरोपों के आधार पर महिला लक्ष्मी समेत पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम जांच कर रही है।