विद्यालय परिसर में विविध आकर्षक स्टॉल भी लगाए गए
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नवरात्र के अवसर पर सेंट कोलंबस स्कूल, दयालबाग में शनिवार को कोलंबियन डांडिया उत्सव बड़े हर्षोल्लास और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड स्टॉल भी लगाए गए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रैंप वॉक रहा, जिसमें माताओं ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा के जयकारों के साथ हुई। इसके पश्चात कक्षा नर्सरी से पांचवीं तक के बच्चों ने अपनी माताओं के साथ उत्सव में भाग लेकर समां बांधा। बच्चों और माताओं की सहभागिता ने समारोह को यादगार बना दिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी माताओं ने डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया। उनके जोश और उत्साह ने दर्शकों का मन मोह लिया और वातावरण में उल्लास और भी बढ़ गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विविध आकर्षक स्टॉल भी लगाए गए, जिनमें टैटू, मेंहदी, दीया एवं तोरण, रंगोली आदि थे। रैंप वॉक में प्रथम स्थान पर प्रियंका व प्रियंवदा, द्वितीय स्थान पर शिवांगी व दीप्ति तथा तीसरे स्थान पर कणिका, दक्षिता, आरती व संध्या रहीं।