फाइनल में तिगांव की टीम को 29-28 से दी शिकस्त, अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। राजीव गांधी खेल परिसर की टीम ने रविवार को ब्लॉक स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब जीता। रोमांचक फाइनल मुकाबले में उन्होंने तिगांव की टीम को 29-28 के करीबी अंतर से शिकस्त दी। दुष्यंत की आखिरी 30 सेकंड की रेड ने मैच का पासा पलटा।
तिगांव के राजीव गांधी खेल परिसर में यह प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें पांच टीमों ने हिस्सा लिया और जीत के लिए पूरा दमखम दिखाया। फाइनल मुकाबला शुरू से ही बेहद कड़ा रहा। आखिरी क्षणों तक किसी भी टीम की जीत तय नहीं थी। राजीव गांधी खेल परिसर को जीत के लिए दो अंकों की आवश्यकता थी। दुष्यंत ने निर्णायक रेड में दो अंक हासिल कर टीम को जीत दिलाई। इस जीत के साथ टीम ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। प्रतियोगिता में राजीव गांधी खेल परिसर की टीम पहले स्थान पर रही। तिगांव की टीम दूसरे और भुवापुर की टीम तीसरे स्थान पर रही। कोच प्रवीण ने सभी खिलाड़ियों को उनकी शानदार जीत के लिए बधाई दी। अब खिलाड़ी जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।