कीचड़ और फिसलन से मरीजों और तीमारदारों को हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के बाद जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में अव्यवस्था की स्थिति बन गई है। बारिश के दौरान बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में चर्म रोग विशेषज्ञ कक्ष के सामने छत से पानी टपकने लगा। हाल ही में ओपीडी में फॉल्स सीलिंग की मरम्मत कराई गई थी। इसके बावजूद पहली ही बारिश में व्यवस्था चरमरा गई, जिससे अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
ओपीडी परिसर में पानी भरने और चारों तरफ कीचड़ फैलने से मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पंजीकरण काउंटर, दवा वितरण कक्ष और विभिन्न जांच कक्षों के बाहर फिसलन बनी रही। इस स्थिति में बुजुर्ग मरीजों, महिलाओं और गंभीर रोगियों को सबसे अधिक दिक्कतें झेलनी पड़ीं। कई मरीज इलाज से पहले ही परेशान नजर आए और हादसे की आशंका बनी रही। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास गोयल ने बताया कि बारिश के चलते ओपीडी की छत से कुछ स्थानों पर पानी टपकने की शिकायत मिली है। संबंधित एजेंसी को सूचित कर दिया गया है और जल्द ही मरम्मत कराकर समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल अस्थायी इंतजाम किए गए हैं।