- आरडब्ल्यूए ने समाधान शिविर में लगाई गुहार, कई बार शिकायत के बाद भी नहीं मिला समाधान
निधि कुशवाहा
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में बृहस्पतिवार को आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी आठ शिकायतें पहुंचीं। इनमें सबसे अधिक दो शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थीं। इसके अलावा खेल, बिजली निगम, उद्योग एवं वाणिज्य, श्रम, नगर निगम और सेवा विभाग से एक-एक शिकायत मिली। शिविर में सीटीएम अंकित कुमार ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनके प्राथमिकता से समाधान के निर्देश दिए।
शिविर में पहुंचे, सैनिक कॉलोनी, निवासी लक्ष्मी नारायण यादव ने बताया कि सेक्टर-49 स्थित श्री राम शरणम् पॉकेट के ए-ब्लॉक के पार्क में छह महीने से रेन वाटर हार्वेस्टिंग का काम अधूरा पड़ा है। इसके चलते बारिश के पानी को जमीन में पहुंचाकर भूजल स्तर सुधारने की योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कई महीने बीतने के बाद भी काम अधूरा रहने से बारिश के पानी का संरक्षण नहीं हो पा रहा है। काम पूरा कराने के लिए आरडब्ल्यूए पदाधिकारी कई बार नगर निगम कार्यालय में शिकायत कर चुके हैं।
27 साल से जमाबंदी में नाम दर्ज कराने के लिए काट रहे चक्कर
सिही गांव निवासी, बिजेंद्र सिंह ने बताया कि जमीन खरीदने के करीब 27 साल बाद भी जमाबंदी में अपना नाम दर्ज नहीं करा पाने से परेशान होकर समाधान शिविर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जमीन का बैनामा कराने के साथ इंतकाल भी मंजूर हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद राजस्व रिकॉर्ड में आज तक उनका नाम दर्ज नहीं किया गया। इस वजह से उन्हें जमीन से जुड़े रिकॉर्ड को दुरुस्त कराने के लिए लगातार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। सीएम विंडो पर भी शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं निकला। थक-हारकर उन्होंने समाधान शिविर में गुहार लगाई, अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए।
पारिवारिक विवाद में परेशान महिला ने समाधान शिविर में लगाई गुहार
बल्लभगढ़ श्याम कॉलोनी निवासी, तुलसी रानी ने बताया कि उनके देवर और देवरानी के साथ बिजली कनेक्शन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि इस विवाद के चलते उनके साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया जाता है। विरोध करने पर मारपीट की गई और घर में लगी सोलर प्लेट समेत अन्य सामान तोड़ दिया गया। उन्होंने बताया विवाद बढ़ने पर उन्होंने पुलिस की मदद भी मांगी, लेकिन अभी तक उन्हें राहत नहीं मिली है। ऐसे में उन्होंने समाधान शिविर में शिकायत देकर मामले की जांच कराने और कार्रवाई की मांग की है।
पत्नी की गलत आय दिखाकर काटा राशन कार्ड, एक महीने से परेशान परिवार
छायंसा निवासी, नरेंद्र ने बताया कि परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में आय ज्यादा दर्ज होने के कारण पिछले एक महीने से उनका राशन कार्ड काट दिया गया है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी ग्रहणी है, जबकि उनकी आय एक लाख दर्ज है। पिछले एक महीने से परिवार को राशन नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि वह मजदूरी करके अपना घर मुश्किल से चला पाते हैं। पीपीपी में आय संबधी गलती सुधरवाने के लिए वह कई बार कमरा नंबर-11 के चक्कर लगा चुके हैं। इस समस्या को लेकर वह पहली बार समाधान शिविर पहुंचे, जहां उनको 15 दिन का समय दिया है।