पिछले वर्ष कुल 539 मिलीमीटर बारिश हुई थी, इस बार 528.2 मिलीमीटर दर्ज हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी फरीदाबाद में इस बार मानसून के दौरान पिछले वर्ष के मुकाबले करीब दो फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस वर्ष अब तक जिले में 528.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है, जबकि पिछले वर्ष मानसून के दौरान कुल 539 मिलीमीटर बारिश हुई थी। बारिश में कमी के बीच सितंबर के दूसरे पखवाड़े में गर्मी ने एक बार फिर अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है।
तेज धूप और उमस के कारण मंगलवार को लोग गर्मी से परेशान रहे। मंगलवार सुबह से ही तेज धूप निकलने के साथ उमस बढ़ गई। दोपहर होते-होते गर्मी का असर और तेज हो गया। गर्मी से बचने के लिए लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। शहर का अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले साल सितंबर से दो से तीन डिग्री अधिक तापमान
इस बार सितंबर में तापमान पिछले वर्ष की तुलना में अधिक बना हुआ है। पिछले वर्ष सितंबर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि इस बार अधिकतम तापमान 37 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है। मंगलवार को तेज धूप के साथ उमस बढ़ने से लोग पसीने से परेशान रहे।
कम बारिश से जमीन की नमी पर असर
बारिश में कमी का असर जमीन की नमी पर भी दिखाई दे रहा है। मानसून के दौरान सामान्य बारिश की तुलना में कम पानी मिलने से जमीन में नमी का स्तर घट रहा है। इसके कारण धूप निकलने पर गर्मी का असर अधिक महसूस हो रहा है। मौसम में बढ़ती गर्मी ने सितंबर में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलने दी है।
बुधवार को भी राहत के आसार कम
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। विशेषज्ञों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और तेज धूप में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। धूप में निकलते समय शरीर को ढककर रखने और पानी की कमी नहीं होने देने की सलाह दी गई है।