तापमान में गिरावट, सरसों की तैयार फसल पर मंडराया नुकसान का खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। पुन्हाना क्षेत्र में शनिवार देर रात अचानक बदले मौसम ने लोगों को सर्दी का अहसास फिर से करा दिया। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश और हल्की ओलावृष्टि ने तापमान में भारी गिरावट दर्ज कराई, जिससे रातभर ठिठुरन बढ़ गई। ओले गिरने से आम जनजीवन भी प्रभावित रहा और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। वहीं किसानों के माथे पर शिकन बढ़ा दी है, इन दिनों सरसों की फसल तैयार हो चुकी है तथा गेहूं की फसल भी अब बिगड़े मौसम को सहन नहीं कर सकती।
हालांकि रात में हुई बारिश और हल्की ओलावृष्टि से फिलहाल फसलों को किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है। इस समय क्षेत्र में सरसों की फसल लगभग तैयार अवस्था में है। खेतों में पौधों पर फलियां पूरी तरह लग चुकी हैं और कटाई का समय नजदीक है। ऐसे में दोबारा ओलावृष्टि होने की आशंका किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। किसान रफीक बीसरु, मौसिम, चंदन, जुहरुद्दीन, सलमान, किशन, सतपाल, धनसिंह आदि का कहना है कि यदि तेज ओले गिरते हैं तो सरसों की फलियां झड़ सकती हैं और दाने खराब हो सकते हैं, जिससे उत्पादन में भारी गिरावट आ सकती है।
इससे सीधे तौर पर उनकी आमदनी प्रभावित होगी। कई किसानों ने बताया कि इस बार उन्होंने महंगे बीज, खाद और कीटनाशकों का उपयोग किया है, जिससे लागत पहले ही बढ़ चुकी है। ऐसे में फसल को नुकसान होने पर आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक-दो दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए किसानों को सतर्क रहने और फसलों की निगरानी करने की सलाह दी गई है।