फरीदाबाद। आरपीएफ और जीआरपी की मौजूदगी के बावजूद चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि रेलवे स्टेशन की नई इमारत के शौचालयों तक से टोंटियां चोरी हो रही हैं। वहीं चोरी पर लगाम लगाने के बजाय इन शौचालयों पर ही ताला जड़ दिया गया है। ऐसे में महिला रेल कर्मी व रेल यात्री परेशानी झेल रहे हैं।
दरअसल, लूप लाइन डालने के लिए स्टेशन की पुरानी इमारत तोड़ी गई थी। नई इमारत में यात्री व कर्मचारियों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए गए हैं। बीते कई माह से रेलवे कर्मचारी नई इमारत में ही काम कर रहे हैं। बावजूद इसके शौचालयों के गेट पर ताले लगा दिए गए हैं। अन्य शौचालय की टोंटियां चोरी न हो, इसलिए उन पर रेलवे अधिकारियों ने ताले जड़ दिए हैं। ऐसे में रेल कर्मी व यात्री शौच के लिए भटक रहे हैं। हालांकि कर्मचारी आपसी तालमेल के बाद शौचालय का प्रयोग कर रहे हैं। ज्यादा परेशानी रेल यात्री उठा रहे हैं।