स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग ने केवल औपचारिकता निभाई
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। फरीदाबाद क्षेत्र के जवा गांव से घाघोट को जाने वाला मुख्य मार्ग पिछले कई महीनों से गड्ढों के कारण परेशानी का कारण बना हुआ था। राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों की शिकायत के बाद लोक निर्माण विभाग द्वारा हाल ही में सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया लेकिन अब इस मरम्मत की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग ने केवल औपचारिकता निभाई है और काम सही तरीके से नहीं किया गया। जवा गांव निवासी ओमपाल ने बताया कि यह पीडब्ल्यूडी का प्रमुख रास्ता है, जो लंबे समय से गड्ढों में तब्दील हो चुका था। मरम्मत कार्य शुरू होने से लोगों को उम्मीद थी कि समस्या का समाधान होगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर रिपेयरिंग की गई है, वहां तारकोल (डामर) ठीक से नहीं डाला गया। इस्तेमाल किया गया मटेरियल भी दोबारा उखड़कर सड़क पर फैल गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के चलते बाइक सवारों के फिसलने का खतरा बना हुआ है और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता। उन्होंने विभाग से सड़क की दोबारा गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की मांग की है।