संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके सिविल अस्पताल परिसर स्थित हार्ट सेंटर को बंद किए जाने के बाद वहां से सामान और चिकित्सा उपकरण हटाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। रविवार देर शाम वकील संजय गुप्ता ने एनआईटी पुलिस चौकी में शिकायत देकर हार्ट सेंटर से सामान चोरी किए जाने का आरोप लगाया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सेंटर का निरीक्षण कर मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।
एडवोकेट संजय गुप्ता के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि बीके अस्पताल परिसर स्थित हार्ट सेंटर से मशीनों समेत अन्य सामान बाहर निकाला जा रहा है। सूचना मिलने पर वह अस्पताल पहुंचे और सेंटर में सामान हटाए जाने को लेकर जानकारी ली। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सूचना दिए बिना सेंटर से सामान निकाला जा रहा था।
सीएमओ और पीएमओ की अनुमति मांगी
संजय गुप्ता ने बताया कि उन्होंने मौके पर मौजूद हार्ट सेंटर के इंचार्ज मनदीप से सामान बाहर ले जाने की अनुमति संबंधी पत्र दिखाने को कहा। उनका आरोप है कि इंचार्ज की ओर से सीएमओ या पीएमओ की अनुमति का कोई पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत एनआईटी-3 पुलिस चौकी में दी। शिकायतकर्ता का कहना है कि बीके अस्पताल सरकारी परिसर है और हार्ट सेंटर में रखी मशीनरी व अन्य सामान की स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना सक्षम अधिकारियों की अनुमति के सरकारी अस्पताल परिसर से सामान बाहर ले जाना गंभीर मामला है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जुटाई जानकारी
शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम बीके अस्पताल पहुंची और हार्ट सेंटर का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर सामान हटाए जाने से संबंधित जानकारी जुटाई। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि सेंटर से निकाला गया सामान किसका है और उसे किस अनुमति के तहत बाहर ले जाया जा रहा था।
बता दें कि बीके अस्पताल का हार्ट सेंटर बंद किए जाने के बाद वहां रखे सामान को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसी दौरान सामान हटाए जाने को लेकर विवाद सामने आया है। शिकायतकर्ता ने हार्ट सेंटर के अनुबंध और उसमें रखे सामान के स्वामित्व की भी जांच कराने की मांग की है।