-तिजारा मार्ग से लेकर राजस्थान बॉर्डर तक बन रही 6.40 किमी लंबी सड़क
-आरोप, मात्र मशीन से लाइनिंग कर हल्की डामर की परत डाली जा रही
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। तिजारा मार्ग से लेकर राजस्थान बॉर्डर तक करीब 6.40 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य इन दिनों जारी है। जानकारी के अनुसार यह सड़क 7 मीटर चौड़ी बनाई जा रही है, जिसकी लागत लगभग अनुमानित लागत 2 करोड़ रुपये टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से कार्य किया जा रहा है।
निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है। उनका आरोप है कि ठेकेदार द्वारा गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है। लोगों का कहना है कि सड़क पर केवल मशीन से लाइनिंग कर हल्की डामर की परत डाली जा रही है, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है। उनका मानना है कि इस प्रकार का निर्माण कुछ ही समय में सड़क को जर्जर बना देगा, जिससे आमजन को परेशानी होगी और सरकारी धन की बर्बादी भी होगी।
शहर के देवेंद्र शर्मा, सोहनलाल पटेल , बिसराम, अर्जुन, सहित अन्य नागरिकों ने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि सड़क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता के अनुसार ही कराया जाए। वहीं इस मामले में विभाग के एसडीओ आस मोहम्मद ने बताया कि सड़क का निर्माण नियमानुसार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग 40 मिमी पुरानी लेयर हटाकर उतनी ही नई परत डाली जा रही है। यह कार्य कनिष्ठ अभियंता आकिल की निगरानी में हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसी को शिकायत हो तो विभागीय कार्यालय में संपर्क कर सकता है।