ओल्ड फरीदाबाद में गहराया पेयजल संकट, सड़कों पर उतरे लोग
प्रदर्शन के चलते करीब डेढ़ घंटे तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद के बैंड मार्केट और इस्लाम कॉलोनी इलाके में पिछले एक महीने से जारी पानी की किल्लत को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रशासन की अनदेखी से नाराज बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बीच सड़क पर मटके फोड़कर विरोध दर्ज कराया और जमकर नारेबाजी की। स्थानीय निवासियों महेश्वरी और दीपक ने बताया कि क्षेत्र में पिछले एक महीने से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। कई बार पूरे दिन पानी की आपूर्ति नहीं होती और जब पानी आता भी है तो उसकी अवधि इतनी कम होती है कि घर की बुनियादी जरूरतें भी पूरी नहीं हो पातीं। लोगों का कहना है कि उन्होंने नगर निगम, स्थानीय विधायक और पार्षद को कई बार लिखित शिकायतें दीं, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर समस्या का समाधान नहीं हुआ है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि प्रशासन का रवैया ऐसा है जैसे इस क्षेत्र के लोग वोट ही नहीं देते।
निवासी बलबीर और सोनम ने यह भी बताया कि इलाके में केवल पानी ही नहीं, बल्कि बिजली की समस्या भी लगातार बनी हुई है। शिकायतों के बावजूद केवल आश्वासन मिलते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने नए ट्यूबवेल की मांग भी की थी, जिस पर अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है।
प्रदर्शन के चलते करीब डेढ़ घंटे तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। लोग इस बात पर अड़े रहे कि जब तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर आकर ठोस आश्वासन नहीं देता, वे प्रदर्शन समाप्त नहीं करेंगे।
स्थिति बिगड़ती देख नगर निगम ओल्ड फरीदाबाद जोन के जेई महेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। उन्होंने बताया कि रेनीवेल की लाइनों की मरम्मत का कार्य चल रहा है, जिसके कारण पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। फिलहाल प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पानी भेजा जा रहा है और मरम्मत कार्य पूरा होते ही नियमित आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।