फार्मासिस्टों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी
फरीदाबाद। फार्मासिस्टों की हड़ताल लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। मरीज सुविधा पर इसका कोई असर नहीं पड़ रहा है। दवा केंद्रों पर स्टाफ नर्स, प्रशिक्षु व अन्य सहायक कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं। मरीजों को परामर्श अनुसार दवा देने में यह कर्मचारी अतिरिक्त समय जरूर ले रहे हैं लेकिन मरीजों को इससे कोई शिकायत नहीं है।
बीते तीन दिन से जारी एसोसिएशन गर्वमेंट फार्मासिस्ट ऑफ हरियाणा की प्रदेश स्तरीय हड़ताल लगातार तीन दिन से जारी है। जिले में तैनात नियमित व एडहॉक के करीब 80 फार्मासिस्ट हड़ताल में शामिल हैं। इसके बाद से दवा वितरण में मुख्य रूप से स्टाफ नर्स ने कमान संभाल रखी है। इस दौरान मरीजों की सुविधा के लिए केंद्रवार सहायक कर्मी व प्रशिक्षुओं को भी दवा वितरण पर लगाया गया है। बुधवार को बीके सिविल अस्पताल में दवा वितरण केंद्र पर मरीजों की काफी भीड़ रही। मरीजों को कतार बनाकर अपनी बारी का इंतजार भी करना पड़ा।
गौंछी निवासी रेखा बुधवार को अपने पति रमेश को इलाज कराने बीके सिविल अस्पताल पहुंची थी। रेखा ने बताया कि दवा लेने के लिए उसे काफी इंतजार करना पड़ा। हालांकि उसे राहत है कि कोई दवा बाहर से नहीं लानी पड़ी। बुखार पीड़ित 60 वर्षीय अशोक की बेटी सरिता ने बताया कि पिता की दवा लेने के लिए वह लाइन में लगी रही। डॉक्टर ने जांच के बाद पिता को सुबह-शाम दो दिन दो-दो गोलियां खाने के लिए लिखा था। अस्पताल के काउंटर पर दोनों ही दवाएं मिल गई। उसे लंबी लाइन में इंतजार करने का कोई मलाल नहीं है।
अस्पताल परिसर में हड़ताल पर बैठे रहे फार्मासिस्ट
सामूहिक अवकाश से हड़ताल पर बैठे फार्मसिस्ट बुधवार तक कार्य पर नहीं लौटे। फार्मासिस्ट का कहना है कि किसी भी हाल में मांगे पूरी करवा कर रहेंगे। प्रदेश स्तर पर एकजुट हुए फार्मसिस्ट सरकार से बढ़ा हुआ वेतन ग्रेड, पदनाम बदल फार्मासिस्ट अधिकारी करने, शैक्षणिक योग्यता बढ़ाने सहित समान काम-समान वेतन की मांग कर रहे हैं। जिले के मुख्य फार्मासिस्ट कुलदीप अत्री ने बताया कि बुधवार दोपहर में महानिदेशक के साथ बैठक की गई। इसमें अभी तक कोई निष्कर्ष नहीं मिला है। फिलहाल मांगे न माने जाने तक हड़ताल जारी रखने पर सहमति बनी है।