फरीदाबाद। सेक्टर-19 स्थित एक स्पा सेंटर में मसाज की आड़ में किशोरी से देह व्यापार करा रहे थे। आरोपी किशोरी को इसके लिए 15 हजार रुपये मासिक वेतन भी दे रहे थे । सोमवार को चाइल्ड लाइन संस्था की टीम को मामला का पता लगा तो उन्होंने महिला पुलिस टीम को साथ लेकर मसाज सेंटर पर दबिश दी। मौके पर मिली किशोरी की काउंसलिंग के बाद उसने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। उसकी उम्र 15 वर्ष है।
मार्च 2021 में वह अपने माता पिता से किसी बात को लेकर नाराज हो गई और वह फरीदाबाद चली आई। यहां पर उसकी मुलाकात संगीता नाम की महिला से हुई। संगीता ने उसे सेक्टर-19 स्थित एक ओयो होटल में अजय से मिलवाया। यहां उसने 17 दिनों तक काम किया। इस दौरान उससे ग्राहकों के साथ शारीरिक संबंध बनवाए गए। किशोरी का कहना है कि अजय नाम का युवक ही ग्राहक लेकर आता था। संगीता ने इस काम के बदले उसे पांच हजार रुपये दिए। ओयो होटल में उसे छोटू नाम का एक युवक मिला। छोटू ने उसे पूनम उर्फ पूजा नाम की युवती से मिलवाया। पूजा ने उसे सेक्टर 19 स्थित स्पा सेंटर पर रख लिया। पूनम ने कहा कि वह उसे 15 हजार रुपये मासिक वेतन देगी। दो युवकों के साथ उसके शारीरिक संबंध बनवाए। किशोरी का दावा है कि पूजा दोनों युवकों को जानती थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।